ऊना। शहर में बैंक लेनदेन से जुड़े एक मामले में दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस थाना सदर ऊना में दर्ज शिकायत के अनुसार, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के कलेक्शन ऑफिसर कपिल देव पुत्र सोम नाथ ने बताया कि वेद भूषण और सुरेश कुमार, दोनों पुत्र चमन लाल निवासी अपर बसाल मेसर्स आशिमा मेडिकल एजेंसी के तहत कार्यरत हैं।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उक्त व्यक्तियों ने वर्ष 2021 और 2022 के दौरान कुल 25 लाख रुपये का ऋण लिया था, जिसका भुगतान उन्होंने समय पर नहीं किया। परिणामस्वरूप, उनका बैंक खाता एनपीए घोषित कर दिया गया।शिकायतकर्ता के अनुसार जिला मजिस्ट्रेट ऊना के आदेशों के तहत बैंक की ओर से कब्जे में ली गई संपत्ति में इन व्यक्तियों ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर अवैध रूप से अतिक्रमण किया और बैंक की ओर से सील की गई संपत्ति का ताला तोड़कर तीसरी बार अनधिकृत प्रवेश किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने मामले की पुष्टि की है।