जोल (ऊना)। राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में कॅरिअर एंड काउंसलिंग सेल और आईक्यूएसी की ओर से कॅरिअर निर्माण कौशल और उद्यमिता विकास पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में रमेश ठाकुर कुशल एवं उद्यमिता विकास संस्थान अंब से आमंत्रित किए गए। उन्होंने विद्यार्थियों को शॉर्ट टर्म कोर्सेज के माध्यम से शत प्रतिशत रोजगार प्राप्त करने की संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। ठाकुर ने बताया कि संस्थान की ओर से विभिन्न व्यावसायिक और कौशल विकास आधारित कोर्स संचालित किया जा रहे हैं। इनमें सफल होने वाले विद्यार्थियों को उद्योगों में सीधे नियुक्ति का अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने युवाओं से इन पाठ्यक्रमों में भाग लेकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कार्यकारी प्राचार्य प्रो. कविता कौशल ने शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करते हैं और उन्हें न केवल शैक्षणिक बल्कि व्यावसायिक रूप से भी सशक्त बनाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते समय के साथ कौशल उन्नयन पर ध्यान देने की सलाह दी।