संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। डेरा बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी से श्रद्धालु की चोरी हुई कार को पुलिस ने बुधवार को पंजाब के तरनतारन जिले के चोला साहिब से बरामद कर लिया है। अंब थाना पुलिस ने शिकायत मिलते ही तत्परता से कार्रवाई करते हुए कार चोरी की गुत्थी सुलझा ली। अंब थाना के एएसआई रणजीत सिंह के नेतृत्व में आरक्षी सौरभ सुरियाल और आरक्षी रोहित कुमार की टीम ने चोला साहिब, तरनतारन से चोरी की गई कार बरामद की। साथ ही चोरी के आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान गुरदेव सिंह (24) पुत्र हरदयाल सिंह, निवासी रानीवलाहा, जिला तरनतारन, पंजाब के रूप में हुई है। कुलविंद्र सिंह पुत्र प्रीतम सिंह, निवासी मकान नंबर 526, खुड्डा अलीशेर, चंडीगढ़ ने 10 जुलाई को अंब थाना में कार चोरी की शिकायत दर्ज करवाई थी। कार के साथ-साथ उसमें रखे दो मोबाइल फोन भी चोर ले गया था। पुलिस ने मोबाइल नंबरों को ट्रेस कर आरोपी तक पहुंच बनाई। एसडीपीओ अंब डॉ. वसुधा सूद ने बताया कि पुलिस टीम ने इस मामले को सुलझाने में शानदार कार्य किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे जल्द अदालत में पेश किया जाएगा।