संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। बाल विकास परियोजना गगरेट के अंतर्गत वृत्त पिरथीपुर में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत एक जागरुकता शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर 15 से 31 जुलाई तक चल रही एनरोलमेंट ड्राइव के अंतर्गत लगाया गया। सुपरवाइजर तृप्ता मिन्हास ने उपस्थित महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी देते हुए बताया कि पहले बच्चे के जन्म पर गर्भवती महिला को 5000 की सहायता राशि दी जाती है। वहीं, यदि दूसरे संतान के रूप में कन्या जन्म लेती है तो 6000 की सहायता किस्तों में प्रदान की जाती है। ब्लॉक कॉर्डिनेटर भारती ने पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं और महिलाओं को संतुलित आहार तथा बच्चों की वृद्धि में पोषण की भूमिका के प्रति जागरूक किया। शिविर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं। इस दौरान विभाग द्वारा चलाई जा रही अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।