गगरेट (ऊना)। गगरेट क्षेत्र के जाड़ला कोईडी में वीरवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार कार ने सड़क पर मौजूद चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो प्रवासी युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक उत्तर प्रदेश के जिला हरदोई के रहने वाले थे। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान प्रमोद (28) पुत्र पिंटू और शक्ति कपूर (32) पुत्र सरपंच, निवासी जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं हादसे में छोटे लाल (45), निवासी जिला हरदोई तथा बढ़ेड़ा राजपूतां निवासी जस्सी (40) पुत्र गिरधारी लाल घायल हुए हैं। जस्सी के पैर में चोट आई है। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए भेजे जाने की जानकारी है। एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि कार ने चारों लोगों को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के बाद कार चालक मौके से भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की। पुलिस कंट्रोल रूम ऊना से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना में शामिल अस्थायी नंबर की कार को पुलिस थाना अंब के अधिकार क्षेत्र में रोक लिया गया है। पुलिस अब हादसे के कारणों और दुर्घटना के समय कार चला रहे व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस द्वारा मृतकों के शवों तथा घायलों से संबंधित आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे की विस्तृत जांच जारी है।