टाहलीवाल (ऊना)। पुलिस थाना टाहलीवाल के तहत बाथू में तेज रफ्तार कार चालक ने स्कूटी को ओवरटेक करते समय टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार व्यक्ति, उसकी पत्नी और दो बच्चे घायल हो गए। टक्कर के बाद कार चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बाथड़ी निवासी जसविंद्र सिंह ने बताया कि वह 12 अगस्त को पत्नी और दो बेटों के साथ स्कूटी पर बसदेहड़ा जा रहा था। सुबह करीब 10:45 बजे बाथू में राधास्वामी सत्संग भवन के पास पीछे से आ रही कार ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से स्कूटी सवार सड़क पर गिर गए और उन्हें चोटें आईं। हादसे के बाद कार चालक भाग गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने कहा कि पुलिस हादसे के कारणों और भागे कार चालक की तलाश कर रही है।