गगरेट (ऊना)। क्षेत्र के भरवाईं मार्ग पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार कार बिजली के खंभे से टकरा गई। इससे क्षेत्र में कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। हालांकि शिकायत प्राप्त न होने के चलते पुलिस ने इसमें एफआईआर दर्ज नहीं की।
जानकारी के अनुसार दिल्ली नंबर की कार शुक्रवार सुबह भरवाईं मार्ग से गुजर रही थी। इस दौरान चालक को अचानक नींद आने से वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया। इससे आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर विद्युत बोर्ड की टीम भी मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त खंभे और लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू किया। बोर्ड के कर्मचारी सुबह से ही बिजली व्यवस्था बहाल करने में जुटे रहे, जिसके बाद कई घंटों की मशक्कत के बाद आपूर्ति सामान्य हो सकी। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि स्थानीय पुलिस मामले में नजर बनाए हुए है। शिकायत प्राप्त न होने के चलते फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।