थानाकलां (ऊना)। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। थानाकलां स्थित 33/11 केवी विद्युत सब स्टेशन की क्षमता दोगुनी करने की परियोजना को सरकार और बिजली बोर्ड की ओर से 4.19 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की गई है। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की क्षमता बढ़ने के साथ भविष्य में बढ़ने वाले विद्युत लोड को संभालने में भी मदद मिलेगी।
वर्तमान में थानाकलां सब स्टेशन की क्षमता 2×3.15 एमवीए है। परियोजना के तहत इसे बढ़ाकर 2×6.3 एमवीए किया जाएगा। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आबादी, घरेलू और व्यावसायिक बिजली कनेक्शनों के साथ कृषि व अन्य गतिविधियों के चलते विद्युत मांग में इजाफा हो रहा है। ऐसे में सब स्टेशन की क्षमता विस्तार को क्षेत्र के बिजली ढांचे के लिए अहम माना जा रहा है।
सब स्टेशन की क्षमता बढ़ने से गर्मियों और अधिक बिजली खपत वाले समय में विद्युत व्यवस्था पर पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।
कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने परियोजना के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया। उन्होंने कहा कि थानाकलां सब स्टेशन की क्षमता दोगुनी होने से क्षेत्र की वर्तमान बिजली जरूरतों को पूरा करने के साथ भविष्य में बढ़ने वाले लोड को संभालने में भी मदद मिलेगी।