बस में सवार यात्रियों को झेलनी पड़ी परेशानी
मार्ग संकरा और एकतरफा होने से वाहनों की आवाजाही बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। हिमाचल पथ परिवहन निगम ऊना डिपो की एक बस के चराड़ा से अरलू वाया नारी रोड पर अचानक खराब हो जाने से इस सिंगल रूट पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सुबह से लेकर शाम तक सड़क पर खड़ी रही बस ने लोगों को खासा परेशान किया। जानकारी के अनुसार यह बस शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे अचानक खराब हो गई थी और शाम तक बस को सड़क से नहीं हटाया गया था। यह मार्ग संकरा और एकतरफा है। ऐसे में बस के बीच रास्ते में खड़े रहने से अन्य किसी भी वाहन की आवाजाही संभव नहीं हो पाई। इससे यात्रियों, स्कूली बच्चों, कॉलेज विद्यार्थियों और कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। पैदल चलना भी कई लोगों के लिए मजबूरी बन गया। ग्रामीणों में मुकेश, राकेश, मनोज, रमेश चंद और जगदीश चंद कटोच ने निगम प्रशासन से मांग की है कि बसों के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि ऐसी स्थिति में तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए ताकि यातायात सामान्य हो सके। स्थानीय प्रशासन और परिवहन विभाग से इस प्रकार की घटनाओं पर शीघ्र संज्ञान लेने और जिम्मेदारी तय करने की मांग भी उठाई जा रही है।
बाक्स
उपमंडलीय प्रबंधक सुरेश धीमान का कहना है कि बस तकनीकी कारणों से खराब हुई है। तकनीकी स्टाफ खराब पड़ी बस को ठीक करने के लिए भेजा गया है। जल्द ही बस में आई खामियों को दूर करके ठीक करवा दिया जाएगा।