फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: आचार संहिता के बीच कछुआ गति से बढ़ रहा बल्क ड्रग पार्क का काम, कई कार्य लंबित

Sat, 13 Apr 2024 01:44 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
विज्ञापन
विज्ञापन
सुरेश बसन
विज्ञापन

ऊना। हरोली खंड के पोलियां बीत में 1405 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित बल्क ड्रग पार्क की राह के निर्धारित करीब तीन वर्ष में पूरा होने में अभी कई बाधाएं बाकी हैं। आचार संहिता के बीच अधिकारियों की चुनावी व्यस्तता बढ़ने से इसका कार्य सुस्त हुआ है।
विद्युत कार्यों में गोंदपुर के पास ग्रामीणों का अडिंगा भी बड़ी बाधा सामने आया है, यानी महत्वकांशी प्रोजेक्ट अपनी तय गति से पीछे पड़ रहा है। आंकड़ों पर गौर करें तो बल्क ड्रग पार्क को लेकर केंद्र सरकार ने 1000 करोड़ रुपये और 923 करोड़ रुपये की राशि प्रदेश सरकार को खर्च करनी है। केंद्र से 225 करोड़ रुपये की पहली किश्त करीब एक वर्ष पहले मिल चुकी है। बल्क ड्रग पार्क के लिए पेयजल भंडारण टैंक, बोर, विद्युत सब स्टेशन एवं लाइनें, सड़क सुविधा को लेकर व्यापक स्तर पर काम चला है, लेकिन लोकसभा चुनाव का बिगुल बजने के बाद चुनाव आचार संहिता में कार्य कछुआ गति से चल रहे हैं। पार्क के निर्माण को ए और बी श्रेणी में दो प्रकार सूची तैयार की गई है। ए श्रेणी में 1638.46 करोड़ और बी श्रेणी में 284.54 करोड़ रुपये यानी 1923 करोड़ रुपये के कार्य हैं। इसके फलीभूत होते ही 20 हजार लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।
विज्ञापन

इन विभागीय कार्यों पर वर्तमान में गति और देरी
बल्क ड्रग पार्क के लिए वर्तमान में मूलभूत ढांचे के लिए उद्योग विभाग के साथ-साथ वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति और विद्युत बोर्ड ऊना अपने कार्यों के लिए प्रयासरत हैं। सबसे तेजी से जल शक्ति विभाग ने अपने कार्यों को काफी हद तक अमलीजामा पहनाया है। विभाग को 15 एमएलडी क्षमता की वाटर सप्लाई के लिए 31.05 करोड़ मिले हैं और 60 प्रतिशत कार्य विभाग ने पूरा किया है, जबकि पेयजल संसाधनों के रखरखाव एवं रिसोर्स को रिचार्ज करने के लिए 11.75 करोड़ की राशि मेंं से अभी तक कोई राशि जारी न हुई है। पंजुआणा के प्रशासनिक भवन की पेयजल योजना के लिए अलग से 10.06 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं। इसमें 3.2 करोड़ रुपये हाल ही में जारी हुए हैं। कार्य को अवाॅर्ड भी हो चुका है।
-
लोक निर्माण विभाग कुठारबीत से लेकर पंजुआणा प्रशासनिक भवन तक 7.370 किलोमीटर सड़क का निर्माण करेगा। इसके लिए 42.04 करोड़ रुपये की डीपीआर की अनुमति है, लेकिन इस मार्ग के लिए 4.40 हेकटेयर भूमि का अधिग्रहण होना है। भूमि अधिग्रहण के लिए एसडीएम हरोली को कंपीटेंट आथाॅरिटी की मंजूरी होनी बाकी है।
-
वहीं, विद्युत बोर्ड ऊना की ओर से बल्क ड्रग पार्क के लिए गोंदपुर बनेहड़ा में पहले चरण में 10 एमवीए पावर सप्लाई सब स्टेशन निर्माण एवं विद्युत लाइनों के लिए 14.44 करोड़ रुपये हाई पावर कमेटी ने जारी किए हैं। इसमें से लाइनों से संबंधित कार्यों में कई लोगों का विरोध भी सामने आया है। उधर, उद्योग विभाग ने बल्क ड्रग पार्क के पंजुआणा स्थित प्रशासनिक ब्लाॅक के लिए निजी भूमि मालिकों से नेगोसिएशन कमेटी गठित कर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है। बकायदा भूमि मालिकों से 1.20 लाख रुपये प्रति कनाल देने के लिए भूमि मालिकों ने सहमति बनाई है।
वन विभाग पेड़ों की गणना करेगा
वन विभाग बल्क ड्रग पार्क को स्थापित करने के लिए वन विभाग कुल सरकारी 1365 एकड़ भूमि पर पेड़ों की गणना करेगा। इसमें से 1119 एकड़ पर गणना पूरी कर ली गई है और 246 एकड़ भूमि पर बाकी है। पंजुआणा के प्रशासनिक ब्लॉक पर पेड़ों के कटान संबंधित अनुमति को लेकर अभी स्थिति हमीरपुर के वन संरक्षक के पास है।
विज्ञापन


-
तीन वर्ष में ब्लक ड्रग पार्क का कार्य पूरा करने का लक्ष्य है। इसे कर भी लिया जाएगा। कुछ बाधाएं होती हैं, लेकिन साथ-साथ उनका समाधान हो रहा है। आगामी दिन में इसे लेकर बैठक भी है। कार्यों को और गति दी जाएगी।
-अंशुल धीमान, संयुक्त निदेशक, उद्योग विभाग
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें