ऊना। बंगाणा थाना क्षेत्र के तहत जोल चौक में पुलिस ने देर रात एक पिकअप ट्राले में क्षमता से अधिक भैंसें और कटड़े भरकर ले जाने के मामले में दो लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस चौकी जोल में तैनात मुख्य आरक्षी संजय कुमार अपनी टीम के साथ बुधवार देर रात सदाशिव रोड जोल चौक में गश्त पर मौजूद थे। इसी दौरान रात करीब 1:10 बजे खुरवाई की तरफ से एक पिकअप ट्राला आता दिखाई दिया। पुलिस ने संदेह के आधार पर वाहन को रुकवाकर उसकी जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि पिकअप ट्राला में भैंसों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। वाहन में कुल चार भैंसें और पांच कटड़े पाए गए। पुलिस के अनुसार जानवरों को बेहद तंग हालत में रखा गया था, जिससे पशु क्रूरता अधिनियम का उल्लंघन होना पाया गया।
पूछताछ में वाहन चालक ने अपनी पहचान शावेज निवासी दावकी गुज्जर, सहारनपुर उत्तर प्रदेश के रूप में बताई जबकि परिचालक की पहचान मोहम्मद अनवर निवासी चिलकाना रोड सहारनपुर उत्तर प्रदेश के तौर पर हुई। पुलिस ने पिकअप ट्राला को कब्जे में ले लिया।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा यह भी पता लगाया जा रहा कि जानवरों को कहां से लाया गया और उन्हें किस स्थान पर ले जाया जा रहा था।