दौलतपुर चौक (ऊना)। क्षेत्र में बीएसएनएल नेटवर्क पिछले लगभग एक सप्ताह से ठप पड़ा है, जिससे आम लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। मोबाइल नेटवर्क गायब होने के कारण जहां कॉल और इंटरनेट सेवाएं प्रभावित हैं, वहीं विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। लगातार नेटवर्क बाधित रहने से उपभोक्ताओं में बीएसएनएल के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय निवासी अकुंश रत्न, संदीप शर्मा, पंकज रत्न, निधि रत्न, मीनू शर्मा और सुमन बाला ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में बीएसएनएल का सिग्नल पूरी तरह गायब है। बीच में केवल एक दिन के लिए नेटवर्क बहाल हुआ, लेकिन उसके बाद फिर सेवाएं ठप हो गईं। उनका कहना है कि अब मोबाइल फोन केवल नाम के रह गए हैं और लोगों को जरूरी कार्यों के लिए दूसरे नेटवर्क पर निर्भर होना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं ने बताया कि नेटवर्क बंद होने से मोबाइल कॉल, इंटरनेट, इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआई के जरिए डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन लेन-देन और अन्य आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। सबसे अधिक परेशानी विद्यार्थियों को हो रही है, क्योंकि ऑनलाइन कक्षाएं, पढ़ाई से जुड़ी सामग्री डाउनलोड करना और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां बाधित हो रही हैं। अभिभावकों का कहना है कि यदि जल्द नेटवर्क बहाल नहीं हुआ तो बच्चों की पढ़ाई पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है।
क्षेत्रवासियों ने बीएसएनएल के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि तकनीकी खराबी को प्राथमिकता के आधार पर दूर कर जल्द से जल्द नेटवर्क सेवाएं सुचारु की जाएं।
बीएसएनएल गगरेट के एसडीओ नीरज शर्मा ने बताया कि नेटवर्क संबंधी समस्या उनके संज्ञान में है। तकनीकी टीम को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं और खराबी को दूर करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।