पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस किया दर्ज
बाइक और कार के शीशे तोड़ने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। पुलिस थाना हरोली के तहत भदसाली गांव में दो पक्षों के बीच ईंटों से मारपीट की घटना सामने आई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज किया है। करीब 13 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
जानकारी के अनुसार पहले पक्ष से शिकायतकर्ता विमल कुमार निवासी भदसाली तहसील हरोली जिला ऊना ने पुलिस को बताया कि बीती दो मई को उसके दोनों बेटे अमनप्रीत व हर्षप्रीत दुकान से घर को आ रहे थे। इस दौरान रास्ते में अवतार सिंह ने रास्ते में ईंटें लगा रखी हैं। जब उनके बेटे वहां से गुजरे तो कुछ ईंटें गिर गईं। इस पर आरोपी अवतार सिंह उनके बेटों के साथ गाली गलौज करने लगा। कहा कि उसके दोनों बेटे फिर भी घर को आ गए। कुछ समय पश्चात आरोपी कर्ण सैनी का फोन उनके बेटे अमनप्रीत को आया। जब उनका बेटा वहां पहुंचा तो आरोपी फिर गाली गलौज करने लगे और ईंटें वहीं लगाने को कहा। लड़ाई न हो इसलिए वे ईंटें वहां पर लगाने लगे तो आरोपी मोहन लाल, शिव कुमार, महिंद्रपाल, कर्ण, वार्ड पंच कमलजीत और अवतार सिंह ने उनके बेटों को अकेला पाकर पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों ने गालियां निकालीं। शिकायतकर्ता विमल कुमार ने पुलिस को बताया कि घटना के समय वह अपनी बहन के घर था। जब वह लौटा तो आरोपियों ने उसकी गाड़ी पर ईंटें मारीं। इससे गाड़ी का शीशा टूट गया। आरोपियों ने उसके बेटे अमनप्रीत का फोन भी तोड़ दिया और उसकी पत्नी पर भी हाथ उठाया।
दूसरे पक्ष से मोहन लाल निवासी वार्ड-07 गांव व डाकघर भदसाली तहसील हरोली जिला ऊना ने शिकायत में पुलिस को बताया कि बीती दो मई की रात को उसके भांजे अवतार सिंह के घर से लड़ाई-झगड़े और चिल्लाने कि आवाजें आ रही थीं। जब वह अपनी पत्नी और बहू के साथ मौके पर गए तो अवतार सिंह के साथ दो लड़के अमनप्रीत, हर्षप्रीत झगड़ा और मारपीट कर रहे थे। हमने अवतार सिंह को हर्षप्रीत व अमनप्रीत से छुड़ाया। इसके बाद अमनप्रीत व हर्षप्रीत किसी के घर चले गए। मौके पर उसका बेटा शिव कुमार व कमलजीत भी आ गए। करीब आधे घंटे बाद आरोपी विमल कुमार, प्रिंस, अंकु व अन्य दो लोगों के साथ आया। आरोपियों ने उनका रास्ता रोककर लड़ाई, झगड़ा और मारपीट की। मारपीट में उसके सिर पर चोट लगी। अवतार सिंह को मुंह में चोट लगी। उसकी बहू ज्योति को पेट में चोट आई। मौके पर खड़ी बाइक को ईंटें मारकर तोड़ दिया। कहा कि वे सभी इलाज के लिए भदसाली अस्पताल चले गए।
पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों से करीब 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कहा कि घटना को लेकर पुलिस के बाद शिकायत घटना के कुछ दिन बाद आई। मामले की जांच जारी है।