भरवाईं (ऊना)। ऊना जिले अन्य क्षेत्रों में सफलतापूर्वक लागू किए गए आधुनिक इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) को अब चिंतपूर्णी थाना क्षेत्र में भी लागू किया जाएगा। इस प्रणाली के शुरू होने से यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान अब सीधे उनके घर पहुंचेंगे।
सोमवार को डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने चिंतपूर्णी मंदिर परिसर से लेकर मुख्य बैरियर तक का दौरा कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि आने वाले समय में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात व्यवस्था मिल सके।
डीएसपी ने बताया कि कैमरे अत्याधुनिक तकनीक से लैस होंगे, जो ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान कर स्वचालित रूप से चालान जारी करेंगे। यह चालान वाहन मालिक के पते पर भेजा जाएगा।
पुलिस के अनुसार मुख्य बैरियर चिंतपूर्णी, पुराना बस स्टैंड, तलवाड़ा बाईपास सहित कई प्रमुख स्थानों पर निगरानी कैमरे लगाए जाएंगे। सप्त देवी मंदिर के पास और भरवाईं से आगे ऊना-कांगड़ा सीमा पर भी कैमरे स्थापित किए जाएंगे। इस व्यवस्था के लागू होने से न केवल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी बल्कि असामाजिक गतिविधियों पर भी पुलिस की कड़ी नजर रहेगी।
आधुनिक तकनीक के उपयोग से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।