भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी बाजार से शुक्रवार को दिनदहाड़े बाइक चोरी करने के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने दोनों आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से चोरी की वारदात को लेकर पूछताछ करने के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच करेगी।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को चिंतपूर्णी बाजार में एक दुकानदार की दुकान के सामने खड़ी बाइक को दो युवक चोरी कर ले गए थे। बाइक चोरी होने का पता चलने पर स्थानीय लोगों और पुलिस ने आरोपियों का पीछा शुरू कर दिया। पीछा किए जाने का पता चलते ही आरोपी बाइक को सड़क पर छोड़कर भाग गए।
इसके बाद चिंतपूर्णी पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी। पुलिस ने कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को किन्नू के आसपास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी की गई बाइक भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनप्रीत कुमार (19) और मनदीप कुमार (22) दोनों निवासी मकसूदा, जालंधर, पंजाब के रूप में हुई है। शनिवार को दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय राणा ने कहा कि मामले की जांच जारी है।