बिजली आपूर्ति की व्यवस्था में सुधार के लिए ऊना जिला प्रशासन ने कसी कमर
अतिरिक्त उपायुक्त ने विद्युत बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक कर की तैयारियों की समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। गर्मी के मौसम में बिजली की आपूर्ति सुचारु रखने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। इस क्रम में अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर ने सोमवार को विद्युत बोर्ड के आला अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में अधीक्षण अभियंता बलराज सांगर और अधिशासी अभियंता यशविंदर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक मरम्मत कार्य तय समय पर पूरे किए जाएं, जिससे आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने नागरिकों से भी बिजली के संयमित और समझदारी से उपयोग की अपील की। कहा कि अनावश्यक रूप से बिजली उपकरण चालू न रखें, क्योंकि बचाई गई एक यूनिट बिजली, उत्पन्न की गई एक यूनिट बिजली के बराबर होती है। अधीक्षण अभियंता बलराज सांगर ने बताया कि हाल ही में रविवार को जिले में आवश्यक मरम्मत कार्य किए गए हैं और आगामी एक से दो सप्ताह में भी कुछ क्षेत्रों में मरम्मत कार्य जारी रहेंगे। इस दौरान बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित हो सकती हैं, जिसके लिए उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की गई है। बलराज सांगर ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक लगभग 600 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें से 232 घरों में सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं और शेष पर कार्य जारी है। इच्छुक उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठाने के लिए प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
बाक्स
एसी का तापमान 25 डिग्री से नीचे न रखें, इससे बिजली बिल में 50 प्रतिशत तक की बचत संभव
अधीक्षण अभियंता ने उपभोक्ताओं को सुझाव दिया कि एयर कंडीशनर (एसी) का तापमान 25 डिग्री से नीचे न रखें। यह उपाय अपनाने से बिजली बिल में लगभग 50 प्रतिशत तक की बचत संभव है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष गर्मियों में जिले में प्रतिदिन अधिकतम लोड के समय औसतन 180 से 190 मेगावाट बिजली की मांग थी, जबकि इस वर्ष इसमें और वृद्धि का अनुमान है। ऐसे में सभी उपभोक्ताओं से बिजली का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की गई है, ताकि विद्युत बोर्ड के बुनियादी ढांचे पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।