कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा- पूर्व विधायक कर रहे जनता को गुमराह
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं(ऊना)। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रैड़ा पैड़ा सड़क के लिए 16 करोड़ 95 लाख रुपये स्वीकृत होने पर भाजपा राजनीतिक रोटियां सेंक रही है। यह बात कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य सुलोचना देवी, विजय ठाकुर व आशीष शर्मा ने संयुक्त बयान में कही।
उन्होंने कहा कि रैड़ा पैड़ा सड़क पर करोड़ों रुपये की राशि उपलब्ध करवाने में भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। बलबीर चौधरी झूठी बयानबाजी करके क्षेत्र की जनता को गुमराह कर रहे हैं। कहा कि पिछले 5 साल केंद्र में भाजपा की सरकार रही तथा हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा की ही सरकार थी, लेकिन बलबीर चौधरी तब इस सड़क के लिए कोई धन उपलब्ध नहीं करवा सके। कहा कि विधायक सुदर्शन बबलू द्वारा प्रयास करने के बाद नाबार्ड के तहत सड़क के लिए करोड़ों रुपये की राशि उपलब्ध करवाई है, लेकिन भाजपा के पूर्व विधायक यह उपलब्धि पचा नहीं पा रहे। रविंद्र शर्मा ने कहा कि यदि पूर्व विधायक ने डीपीआर बनाकर भेजी थी, तो अपने सरकार के कार्यकाल में रैड़ा पैड़ा गांव के लिए धन उपलब्ध क्यों नहीं करवाया। अब कांग्रेस सरकार ने यदि इस गांव के लोगों के लिए सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए राशि उपलब्ध करवाई है तो भाजपा के पूर्व विधायक को विधायक सुदर्शन सिंह बबलू द्वारा धन उपलब्ध करवाने के लिए झूठी बयानबाजी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने यही भी कहा कि इस गांव में धन उपलब्ध करवाने के लिए अनुराग ठाकुर का भी कोई योगदान नहीं है।