ऊना। लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अनुराग सिंह ठाकुर को ऊना जिला से 25,584 मतों की लीड मिली है। उपमुख्यमंत्री के गृह जिला से मात्र उपमुख्यमंत्री के ही गृह हलके से अनुराग सिंह ठाकुर को लीड नहीं मिली है। बाकी सभी चार विधानसभा क्षेत्र से अनुराग सिंह ठाकुर को लीड मिली है।
चिंतपूर्णी विस क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू भी लोकसभा चुनाव में कोई खास करिश्मा नहीं दिखा पाए है। वहीं, सदर ऊना विस क्षेत्र से भाजपा के एकमात्र विधायक सतपाल सिंह सत्ती भी अनुराग सिंह ठाकुर को 425 मतों से ही लीड दिला सके। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में अनुराग सिंह ठाकुर को 34,014 और कांग्रेस के प्रत्याशी सतपाल रायजादा को 26083 मत, गगरेट से अनुराग सिंह ठाकुर को 36877 और कांग्रेस के प्रत्याशी सतपाल रायजादा को 25933, हरोली से अनुराग सिंह ठाकुर को 30341 और सतपाल रायजादा को 31876, सदर ऊना से अनुराग सिंह ठाकुर को 32361 और सतपाल सिंह रायजादा को 31936 मत प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से अनुराग सिंह ठाकुर को 37,505 और सतपाल सिंह रायजादा को 29,686 मत प्राप्त हुए हैं। कुल मिलाकर ऊना जिला से अनुराग सिंह ठाकुर को 1,71,098 और सतपाल सिंह रायजादा को 1,45,514 मत प्राप्त हुए हैं। वहीं, ऊना जिला से 1717 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया है।
इसके अलावा, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के गृह हलके हरोली से कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा को 1535 मतों की लीड मिली है। बाकी चारों विस क्षेत्र से अनुराग सिंह ठाकुर लीड लेने में आगे रहे हैं। इसमें अनुराग सिंह ठाकुर को सदर ऊना से 425, गगरेट में 10944, कुटलैहड में 7819 और चिंतपूर्णी से 7931 मतों की लीड मिली है।
बाक्स
पहली बार अनुराग सिंह ठाकुर हरोली से लीड लेने में पिछड़े हैं, तो गगरेट से भी इस बार सबसे ज्यादा 10,944 मतों की लीड लेने में आगे रहे हैं। भले ही यहां से विस उपचुनाव में भाजपा के प्रत्याशी चैतन्य शर्मा को हार का सामना करना पड़ा है।