सुलझने के बजाय और पेचीदा हो गया गग्गी हत्या का मामला
हत्या के बाद पंजाब की ओर जाने वाली गाड़ियों की जानकारी खंगाली जाएगी
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला के ख्वाजा बसाल इलाके में 27 जुलाई की दोपहर करीब एक बजे अरनियाला निवासी राकेश उर्फ गग्गी की हत्या का मामला सुलझने के बजाय और उलझता नजर आ रहा है। पुलिस को सोमवार को हरोली के बढ़ेड़ा गांव की खड्ड से हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक और दो हेलमेट बरामद हुए हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि वारदात में प्रयुक्त बाइक चोरी की थी। हालांकि पुलिस को अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी बाइक और हेलमेट खड्ड में छिपाने के बाद किस रास्ते और किस वाहन से फरार हुए। इस कड़ी को जोड़ने के लिए पुलिस अब पंजाब की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। विशेष रूप से उन दोपहिया और चार पहिया वाहनों की जांच की जा रही है जो हत्या के समय के आसपास पंजाब की ओर गए थे। संदिग्ध वाहनों के मालिकों से पूछताछ भी की जाएगी। गग्गी की हत्या को अब 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस के हाथ अब तक कोई ठोस सुराग नहीं लगा है जिससे आरोपियों की पहचान हो सके। अब तक जांच में केवल कुछ सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल के पास बरामद बाइक व हेलमेट ही मिले हैं। पुलिस की जांच फिलहाल इसी बिंदु पर अटकी हुई है कि बढ़ेड़ा में बाइक को छिपाने के बाद आरोपी कहां और कैसे फरार हुए। इसके अलावा वारदात के बाद से गग्गी का मोबाइल फोन भी गायब है, जिससे जांच को आगे बढ़ाने में और बाधा आ रही है। कुल मिलाकर पुलिस के पास ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं है जिससे हत्याकांड की कोई पक्की कड़ी सामने आ सके। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि हत्या को पूरी योजना के तहत अंजाम दिया गया है। पुलिस की टीमें लगातार जांच में जुटी हैं और जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।