संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के बाहर खड़ी एक बाइक चोरी हो गई है। मामला शुक्रवार का है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार नितिश कुमार निवासी संघनेई तहसील घनारी ने शिकायत में बताया कि वह अपने घर से काम करने के लिए झलेड़ा में आया था। इस दौरान उसकी तबीयत खराब हो गई और वह अपनी बाइक पर सवार होकर दवा लेने ऊना अस्पताल पहुंचा। इस दौरान उसने अस्पताल को जाती सीढ़ियों के पास बाइक खड़ी की। वह दवा लेकर दोपहर करीब 01:30 बजे वापस आया तो देखा कि उसकी बाइक वहां नहीं थी। उसने अपनी बाइक ढूंढने की कोशिश की लेकिन कहीं भी नहीं मिली। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि पुलिस बाइक चोरी मामले की जांच कर रही है। कहा कि वाहन पार्क करते समय चालक स्वयं भी जिम्मेदारी दिखाएं। उसी जगह पार्किंग करें, जहां सुरक्षा व्यवस्था है।
ध्यान रहे कि ऊना अस्पताल के बाहर से बाइक चोरी होने के कई मामले सामने आ चुके हैं। हैरत की बात है कि इस चोर गिरोह के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई देखने को नहीं मिली। हालांकि एक दो आरोपियों को पकड़ा भी गया लेकिन उसके बाद भी इन वारदातों का होना जारी है।