मैहतपुर (ऊना)। मैहतपुर-संतोषगढ़ संपर्क मार्ग पर रायपुर बाड़े में बुधवार देर रात करीब 9:30 बजे बाइक सवार शातिरों ने स्थानीय व्यक्ति पर तेजधार हथियार से हमला करके उसे बुरी तरह से जख्मी कर दिया और उसका मोबाइल छीनकर भाग गए। जख्मी हालत में व्यक्ति को ऊना अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। स्थानीय पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार संजीव कुमार पुत्र चमन लाल वार्ड 9 निवासी रायपुर बाड़े ने शिकायत दर्ज करवाई है कि बुधवार रात को जब वे अपने पशुओं के बाड़े को जा रहा था, उस दौरान संतोषगढ़ की ओर से बाइक पर सवार तीन नकाबपोश शातिर उसके पास रुके। एक बाइक से उतरा और मेरे हाथ से मोबाइल छीनने लगा। मेरे विरोध करने पर उन शातिरों ने हमला कर दिया। तेजधार हथियार से किए हमले में संजीव कुमार के बाजू में गंभीर चोट आई है। मोबाइल छीनकर बाइक सवार वापस संतोषगढ़ की ओर भाग गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय राणा के अनुसार बाइक सवार शातिरों ने चेहरे ढके हुए थे। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।