फिट इंडिया और नंगल वाई साइकिल के संयुक्त आयोजन में नशामुक्ति व स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। युवाओं को नशे से दूर रखने और फिटनेस के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नंगल वाई साइकिल और फिट इंडिया के सहयोग से ‘भाखड़ा राइड-2’ का सफल आयोजन किया गया। कर्ण चौधरी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साइकिल प्रेमियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि आईपीएस अधिकारी एवं स्पेशल डीजीपी गुरप्रीत कौर दिओल ने शिरकत की। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों के लिए 25 किलोमीटर की भाखड़ा डैम साइकिल राइड, 10 किलोमीटर की सिटी साइकिल राइड तथा पांच किलोमीटर की साइकिल राइड एंड रन प्रतियोगिता आयोजित की गई। विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मुख्य अतिथि गुरप्रीत कौर दिओल ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह की पहल लगातार जारी रहनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने फिटनेस, अनुशासन और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया। इस अवसर पर बीबीएमबी के मुख्य अभियंता सीपी सिंह, डीएसपी नंगल नवीन पाल, एक्सईएन सुरेंद्र धीमान, राजेश वासुदेवा, शगुन पाल, डॉ. अशोक शर्मा, डॉ. कैहल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।