हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से बढ़ा जल स्तर
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में लगातार बारिश के कारण भाखड़ा बांध में पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। गोबिंद सागर झील में जलस्तर बीते कुछ दिनों में तीन फीट तक बढ़ा है। सोमवार को झील में पानी की आमद 45,857 क्यूसेक दर्ज की गई, जिससे जलस्तर 1617.50 फीट पहुंच गया। बिजली उत्पादन के लिए टरबाइन से 25,384 क्यूसिक पानी छोड़ा गया। नंगल हाइडल नहर में 12,500 क्यूसिक और श्री आनंदपुर साहिब हाइडल नहर में 10,150 क्यूसिक पानी छोड़ा गया, जबकि सतलुज नदी में 2,000 क्यूसिक पानी डाला गया। पिछले साल इसी दिन जलस्तर 1605.70 फीट था, जो अब करीब 12 फीट ज्यादा है। विशेषज्ञों के अनुसार जलस्तर की मौजूदा रफ्तार बरकरार रही तो यह खतरे के निशान 1680 फीट तक पहुंच सकता है। भाखड़ा बांध का भराई सीजन 15 सितंबर तक रहता है और अधिकतम जलस्तर 1685 फीट तक रखा जा सकता है।