पंचायत अधिकारियों को शौचालयों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। विकास खंड बंगाणा के खंड विकास अधिकारी सुशील कुमार ने सामुदायिक शौचालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत टयूंगली, बुधान, लठियाणी, मलांगड़, धुंधला और तनोह पंचायतों में स्थित सामुदायिक शौचालयों का जायजा लिया और वहां की स्थिति का मूल्यांकन किया। स्वच्छता कोऑर्डिनेटर संतोष कुमारी और पंचायत निरीक्षक विजय कुमार समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान सुशील कुमार ने शौचालयों की साफ-सफाई, रखरखाव और उपयोगिता पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिया कि शौचालयों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए और जनता को स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया जाए। खंड विकास अधिकारी ने कहा कि सामुदायिक शौचालयों का उद्देश्य स्वच्छता अभियान को सफल बनाना और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाना है। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों से आग्रह किया कि वे स्वच्छता को अपनी प्राथमिकता बनाएं और इस दिशा में और अधिक काम करें। यह निरीक्षण स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे ग्रामीण इलाकों में स्वच्छता और स्वास्थ्य के स्तर में सुधार हो सकेगा।