भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी में शुक्रवार को दोपहर के समय मुख्य बाजार में मंदिर रोड पर जा रही श्रद्धालुओं की कार पर कुछ युवकों ने अचानक बेसबॉल के बैट से हमला कर दिया और शीशे तोड़ डाले। गनीमत ये रही कि कार में बैठे सवार श्रद्धालु सकुशल बच गए। चिंतपूर्णी बाजार के बीचों-बीच हुई यह घटना पूरी फिल्मी स्टाइल में हुई और आसपास के दुकानदार भी हैरान रह गए।
जानकारी के अनुसार कार पर हमला करने वाले युवक थनिकपुरा के पास दुकान करते हैं और जब दुकान करने वाले युवक अपनी गाड़ी में मुबारिकपुर की तरफ से आ रहे थे तो श्रद्धालुओं के साथ ओवरटेक को लेकर कुछ बहसबाजी हो गई। जब श्रद्धालु अपनी कार में चिंतपूर्णी पहुंचे तो एक इनोवा गाड़ी श्रद्धालुओं की कार के आगे रुकी और उसमें चार युवकों ने निकलकर बेसबॉल के बैट के साथ कार के शीशे तोड़ डाले।
विज्ञापन
वहीं, मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एएसआई सुशील शर्मा ने मौके पर पहुंचकर श्रद्धालुओं की आपबीती सुनी और दोनों पार्टियों को थाने ले जाया गया। बाद में दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो जाने के कारण कोई भी मामला दर्ज नहीं हुआ है।
इस घटना में श्रद्धालुओं की कार का काफी नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि श्रद्धालु जालंधर से आए हुए थे। चिंतपूर्णी थाना के एएसआई सुशील शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। कहा कि श्रद्धालुओं की कार को जो भी नुकसान हुआ है वे दूसरी पार्टी देने को तैयार हो गई है।