फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रतिबंधित दवा तस्करी मामला : पार्षद की लग्जरी गाड़ी, दो स्कूटी और बाइक जब्त

विज्ञापन
गगरेट में पार्षद की जब्त की गई गाड़ी।संवाद
विज्ञापन
गगरेट (ऊना)। कस्बे के बहुचर्चित प्रतिबंधित दवा तस्करी प्रकरण में फंसे पार्षद वीरेंद्र बिंदु पर स्टेट सीआईडी की एसआईटी का शिकंजा लगातार कसता ही जा रहा है। एसआईटी ने वित्तीय अन्वेषण के दौरान पार्षद वीरेंद्र बिंदु की संपत्ति को भी केस प्रॉपर्टी के तौर पर इस मामले के साथ जोड़ दिया है। वीरवार को एसआईटी ने वीरेंद्र बिंदु की लग्जरी गाड़ी के साथ बाइक और दो स्कूटी सीज कर पुलिस थाना गगरेट में खड़ी कर दीं हैं। इस केस का निर्णय आने तक सभी वाहन अब पुलिस थाना में ही खड़े रहेंगे। यही नहीं, बल्कि वीरेंद्र बिंदु के दो बहुमंजिला भवन भी सीज किए जाएंगे। उसके बैंक खाते पहले ही फ्रीज किए जा चुके हैं।
विज्ञापन

इसके अलावा आरोपी की 82 संपत्तियां भी फ्रीज कर दी गई हैं। विधानसभा क्षेत्र गगरेट में मादक द्रव्य पदार्थों की तस्करी के आरोप में पकड़े गए किसी आरोपी पर पहली बार इतनी बड़ी कार्रवाई हुई है। मामले में एसआईटी ने जहां दो और गिरफ्तारियां की। वहीं, कुछ लोग गिरफ्तारी से बचने के लिए पहले ही उच्च न्यायालय की शरण में जा चुके हैं। अब एसआईटी ने इस मामले में वित्तीय अन्वेषण भी शुरू किया। इस दौरान एसआईटी ने ऐसी 82 संपत्तियां चिह्नित की हैं जिन्हें पार्षद वीरेंद्र बिंदु ने कुछ सालों में ही खरीदा। इन संपत्तियों की खरीद-फरोख्त न हो, इसके लिए भी एसआईटी ने राजस्व अधिकारियों को लिखित में आदेश जारी किए हैं। वीरेंद्र बिंदु के बैंक खाते पहले ही फ्रीज किए जा चुके हैं। अब उनमें पैसा जमा तो करवाया जा सकता है, लेकिन उनमें से एक पैसा तक नहीं निकाला जा सकेगा। एसआईटी ने दो बहुमंजिला भवनों के साथ एक दुकान का भी लोक निर्माण विभाग से आकलन करवाया है। जिनकी कीमत भी करोड़ों रुपये में बताई जा रही है। एसआईटी ने जांच में यह भी पाया कि इन बहुमंजिला भवनों के लिए टीसीपी से भी गलत तरीके से एनओसी हासिल की गई। ऐसे में टीसीपी के कुछ अधिकारियों पर भी जांच की गाज गिर सकती है।

एसआईटी अब वित्तीय अन्वेषण के दौरान चिह्नित की गई संपत्तियों की जानकारी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो दिल्ली से भी साझा करेगी। आने वाले दिनों में पार्षद वीरेंद्र बिंदु पर आय से अधिक संपत्ति का मामला भी दर्ज हो सकता है। वीरवार को स्टेट सीआईडी साइबर सेल के एएसपी और एसआईटी के सदस्य प्रवीण धीमान भी पुलिस थाना गगरेट पहुंचे और उनके सामने ही सारी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। स्टेट सीआईडी के एक अधिकारी ने बताया कि वित्तीय अन्वेषण के दौरान वीरेंद्र बिंदु की एक लग्जरी गाड़ी, दो स्कूटी और एक मोटरसाइकिल सीज कर दी गई है जबकि कुछ अन्य संपत्तियां भी सीज की जाएंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन


मामले में आरोपी की कुछ संपत्तियां और वाहन कार्रवाई के तहत जब्त किए गए हैं। मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
प्रवीण धीमान, सदस्य एसआईटी और एएसपी, साइबर सेल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें