जिलास्तरीय बैंक सलाहकार एवं समीक्षा बैठक में एडीसी ने दिए निर्देश
धोखाधड़ी से निपटने के लिए उचित कदम उठाने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) ऊना महेंद्र पाल गुर्जर ने बैंकों को वार्षिक ऋण योजना के तहत निर्धारित लक्ष्यों को समय पर प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को लाभान्वित करने के लिए ज्यादा से ज्यादा कृषि कार्ड वितरित करने, कृषि औजारों के लिए ऋण प्रदान करने तथा लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा।
एडीसी ने जिलास्तरीय बैंक सलाहकार एवं समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए बैंकों की वार्षिक ऋण योजना की उपलब्धियों पर संतोष व्यक्त किया, लेकिन प्राथमिक क्षेत्र में ऋण वितरण की कम उपलब्धि पर चिंता जताई। उन्होंने सभी बैंकों को जमा-ऋण अनुपात बढ़ाने और प्राथमिक क्षेत्र में ऋण वितरण में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके अलावा बैंकिंग प्रणाली में ग्राहकों के साथ आए दिन हो रही धोखाधड़ी के लिए उचित कदम उठाने पर भी जोर दिया।
एडीसी ने तीसरी तिमाही में बैंकों की ओर से लक्ष्यों के बदले उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए बताया कि जिले के बैंकों ने दिसंबर 2024 तक 2398.71 करोड़ के ऋणों के वार्षिक लक्ष्य के बदले में 2257.13 करोड़ के ऋण वितरित किए। बैंकों की जमा राशि 14548.54 करोड़ हो गई है। इसमें 6.81 प्रतिशत वार्षिक दर से वृद्धि हुई है जबकि ऋण 10.73 प्रतिशत की दर से बढ़कर 4553.79 करोड़ हो गया है। जिला का ऋण जमा अनुपात वर्ष में 31.30 प्रतिशत हो गया है। जिला का ऋण जमा अनुपात राष्ट्रीय लक्ष्य 60 प्रतिशत की अपेक्षा कम है। उन्होंने बैंकों का ऋण जमा अनुपात सुधारने के लिए बैंकों और सरकारी विभागों को भरसक प्रयत्न करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि बैंकों ने 31 दिसंबर 2024 तक किसानों को 69754 कृषि कार्ड बांटे, जबकि दिसंबर तिमाही में बैंकों ने 439 कृषि कार्ड बांटे। उन्होंने बैंकों को जनता के जीवन स्तर को सुधारने के लिए हर संभव मदद करने के निर्देश दिए।