वकीलों और बीबीएमबी अधिकारियों में दिनभर रहा तनाव
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। नंगल में वीरवार को दिनभर बार एसोसिएशन नंगल से जुड़े वकीलों और बीबीएमबी अधिकारियों में दिनभर तनाव के हालात बने रहे। मामला बार एसोसिएशन के वकीलों की ओर से कोर्ट कॉम्प्लेक्स के बाहर पार्किंग वाली जगह पर अपने चैंबर बनाने का था। हालांकि, नंगल में बीबीएमबी के अधिकारियों और बार एसोसिएशन के वकीलों में सड़क किनारे रखे चैंबरों की जगह बदलने पर सहमति बन गई लेकिन शाम होते मामला फिर गर्माया, जब चंडीगढ़ से आए बीबीएमबी के डायरेक्टर सुरक्षा ओमवीर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने आते ही वकीलों की ओर से बनाए गए चैंबरों पर बुलडोजर चलाने के आदेश जारी किए। इस बात से वकील भी गुस्से में आ गए और दोनों पक्षों में जमकर तकरार हुई। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रोहित कालिया और तहसीलदार भी मौके पर पंहुचे। उन्होंने दोनों पक्षों को बैठक के लिए एसडीएम दफ्तर बुलाया। यहां दोनों पक्षों के साथ लंबी बैठक चली। आखिर सहमति बनी कि बार एसोसिएशन की ओर से बीबीएमबी मैनेजमेंट को कानूनी तौर पर उक्त भूमि पर चैंबर बनाने के लिए प्रार्थना देनी होगी और चल रहे निर्माण कार्य को तुरंत प्रभाव से रोकना होगा। इस बैठक के उपरांत फिलहाल बार एसोसिएशन की ओर से चल रहे निर्माण कार्य को रोक दिया गया। बीबीएमबी मैनेजमेंट के कर्मचारी पूरी तरह निगरानी और वीडियोग्राफी कर रहे हैं।
बार एसोसिएशन नंगल के अध्यक्ष नवदीप सिंह हीरा व वरिष्ठ वकील एडवोकेट परमजीत सिंह ने कहा कि एसडीएम सचिन पाठक व बीबीएमबी अधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद काम रोक दिया गया और अब मंजूरी का इंतजार किया जाएगा।
एसडीएम नंगल सचिन पाठक ने कहा कि फिलहाल बैठक में यही निर्णय हुआ कि वकील अब निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ाएंगे और बीबीएमबी से निर्माण के लिए इजाजत मांगेंगे। उसी के बाद आगे का निर्माण कार्य शुरू होगा।