लवकेश ठाकुर बने राष्ट्रीय किसान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष
बंगाणा में राष्ट्रीय किसान संगठन की बैठक में किसानों के मुद्दों पर मंथन
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। राष्ट्रीय किसान संगठन, हिमाचल प्रदेश की बैठक मंगलवार को निजी होटल बंगाणा में आयोजित की गई। बैठक में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष लवकेश ठाकुर और प्रदेश महामंत्री रामकृष्ण शर्मा का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री देशराज मोदगिल विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान हाल ही में संपन्न प्रदेश अधिवेशन पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने संतोष व्यक्त किया कि यह अधिवेशन प्रदेश के किसानों के बीच सकारात्मक संदेश देने में सफल रहा। अधिवेशन में पहली बार कृषि से जुड़े 70 किसानों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय महामंत्री देशराज मोदगिल ने बैठक को संबोधित करते हुए संगठन में नई जिम्मेदारियों की घोषणा की। इसके तहत बालकृष्ण शास्त्री को प्रदेश महामंत्री से पदोन्नत कर राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया। लवकेश ठाकुर को हिमाचल का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। रामकृष्ण शर्मा को प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। मोदगिल ने बताया कि ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं और इसका उद्देश्य प्रदेश में संगठन को और अधिक सशक्त बनाना तथा किसानों की ज्वलंत समस्याओं को प्रभावी ढंग से सरकार के समक्ष उठाना है।
प्रदेश अध्यक्ष लवकेश ठाकुर ने कहा कि संगठन को पूरे प्रदेश में मजबूत करना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी जिलों, तहसीलों और गांवों में संगठन को सक्रिय करने के लिए कठिन परिश्रम और समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया।