किसानों को मिलेगा आधुनिक खेती का लाभ
गांव और ब्लॉक स्तर पर होगा कमेटियों का गठन : धीमान
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड बंगाणा की बल्ह और बौल पंचायतें राज्य सरकार की हिम कृषि योजना के लिए चयनित की गई हैं। इससे किसानों को आधुनिक खेती, फसल विविधीकरण और आय बढ़ाने के अवसर मिलेंगे। योजना का उद्देश्य पारंपरिक खेती को लाभकारी बनाना और किसानों को उन्नत तकनीक, बेहतर बीज, सिंचाई सुविधाएं और आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध कराना है। यहां खेती को क्लस्टर मॉडल पर विकसित किया जाएगा, जिससे उत्पादन बढ़ाने और लागत कम करने में मदद मिलेगी। कृषि विभाग किसानों को बीज, खाद, उपकरण और ड्रिप, स्प्रिंकलर सिंचाई जैसी सुविधाएं सब्सिडी पर उपलब्ध कराएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए नई तकनीकों और वैज्ञानिक खेती के तरीकों की जानकारी दी जाएगी। योजना में गांव स्तर पर किसानों की सक्रिय सहभागिता पर जोर होगा, जिससे उत्पादन बढ़ेगा, युवाओं को खेती में रुचि बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। विभाग यह भी मार्गदर्शन देगा कि कौन-सी फसल अधिक लाभकारी होगी। कृषि अधिकारी डॉ. सतपाल धीमान ने बताया कि गांव और ब्लॉक स्तर पर कमेटियां बनाई जाएंगी, जो जिला और राज्य स्तर पर जानकारी साझा करेंगी और योजना को प्रभावी ढंग से लागू करेंगी। फिलहाल केवल दो पंचायतों का चयन हुआ है।