फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: बडूही चौक बना हादसों का केंद्र, स्पीड ब्रेकर न होने से बढ़ा खतरा

Thu, 09 Apr 2026 06:54 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
विज्ञापन
विज्ञापन
बडूही (ऊना)। चंडीगढ़-ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बडूही चौक हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही ने इस चौक को खतरनाक ब्लैक स्पॉट में तब्दील कर दिया है। हैरानी की बात यह है कि यहां अब तक स्पीड ब्रेकर जैसी बुनियादी सुरक्षा व्यवस्था भी नहीं है।
विज्ञापन


स्थानीय लोगों के मुताबिक, पहले इस चौक पर स्पीड ब्रेकर बने हुए थे जिससे वाहनों की गति नियंत्रित रहती थी और हादसों पर काफी हद तक अंकुश लगा रहता था। सड़क के दोबारा निर्माण के दौरान इन्हें हटा दिया गया। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने दोबारा स्पीड ब्रेकर बनाने की कोई जहमत नहीं उठाई। स्थानीय लोगों ने कई बार प्रशासन और विभाग के समक्ष यह मुद्दा उठाया लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में लोग प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि बडूही चौक पर जल्द स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं। लोगों ने कहा कि संकेत बोर्ड, रिफ्लेक्टर, स्पीड लिमिट साइन और रात के समय पर्याप्त स्ट्रीट लाइटिंग जैसी सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएं। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।


स्थानीय दुकानदार मुनीश नंबरदार ने बताया कि पहले यहां स्पीड ब्रेकर होने से वाहन धीमी गति से चलते थे लेकिन अब तेज रफ्तार में आने वाले वाहन चालकों को मोड़ का अंदाजा ही नहीं होता। कई बार छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं लेकिन विभाग अब भी गंभीर नजर नहीं आ रहा।
विज्ञापन


स्थानीय दुकानदार रोहित कौंडल ने भी विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस चौक पर कई बार हादसे हो चुके हैं और कई बार घायल लोगों को खुद अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। अगर जल्द ही स्पीड ब्रेकर नहीं बनाए गए तो यहां बड़ा हादसा होना तय है।
विज्ञापन


एनएचएआई के साइट इंजीनियर हनी कुमार का कहना है कि यह मार्ग हाल ही में उनके सुपुर्द हुआ है और जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें