योग प्रशिक्षक करेंगे जागरूक, योगासन, प्राणायाम और ध्यान का देंगे प्रशिक्षण
अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने के लिए चलाया जाएगा अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। आयुष विभाग पंचायत स्तर पर अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू करने जा रहा है। इस क्रम में आयुष वेलनेस केंद्रों के आसपास योग शिविर आयोजित किए जाएंगे। चिकित्सकों को इस अभियान को सफल बनाने के लिए दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। योग अपनाकर लोगों को रोगमुक्त बनाने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए आयुष विभाग विशेष शिविर आयोजित करेगा। इन शिविरों का आयोजन जिला आयुष विभाग के सहयोग से किया जाएगा, जहां अनुभवी योग प्रशिक्षक योगासन, प्राणायाम और ध्यान का प्रशिक्षण देंगे। शिविर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जाएंगे। प्रत्येक पंचायत में प्रशिक्षित योग शिक्षकों की ओर से प्रतिदिन एक घंटे का योगाभ्यास कराया जाएगा। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी वर्ग इन सत्रों में निशुल्क भाग ले सकेंगे। साथ ही ग्रामीणों को आयुर्वेद और योग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार वर्तमान समय में शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी मधुमेह, उच्च रक्तचाप और अन्य जीवनशैली संबंधी रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। इसका मुख्य कारण असंतुलित खानपान और अनुशासनहीन जीवनशैली है। लोगों को इन रोगों से बचाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए ही जिले भर में विशेष योग अभियान की रूपरेखा तैयार की जा रही है, जिसे जल्द ही साझा किया जाएगा।
कोट्स
योग से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है। -डॉ. किरण शर्मा, जिला आयुष अधिकारी, ऊना