संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय अंब में वीरवार को प्रहरी क्लब, रेडक्रॉस सोसायटी और राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से विद्यार्थियों के लिए सीपीआर और नशे के दुष्प्रभावों पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। स्वास्थ्य विभाग अंब के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में सिविल अस्पताल अंब के डॉ. रूपिंदर शर्मा और डॉ. नवदीप जोशी ने विद्यार्थियों को इन विषयों पर जानकारी दी। डॉ. शर्मा ने बताया कि सीपीआर अभियान का उद्देश्य हर नागरिक को यह सिखाना है कि हार्ट अटैक की स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देकर जान बचाई जा सकती है। 13 से 17 अक्तूबर तक प्रदेश में कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार अचानक दिल की धड़कन रुकने या कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में हैंड्स-ओनली सीपीआर सबसे प्रभावी है और घटना के 10 मिनट के भीतर दी जाने पर यह जीवन रक्षक साबित हो सकती है। कार्यक्रम में लगभग 150 विद्यार्थियों ने भाग लिया।