ऊना। नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए जिला पुलिस ने दो मामलों में आरोपियों की करीब 71.27 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की है।
इनमें तीन मालवाहक ट्रक, कृषि भूमि, वाहन और बैंक खातों में जमा राशि शामिल है। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर वित्तीय जांच के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि पहला मामला जून 2025 में मैहतपुर थाने के तहत क्षेत्र में सामने आया। पुलिस ने आरोपी कुलविंदर गिल निवासी चढ़तगढ़ के वाहन और रिहायशी मकान से करीब 122.960 किलोग्राम भुक्की बरामद की थी।
वित्तीय जांच के दौरान आरोपी के तीन मालवाहक ट्रकों और बैंक खातों से संबंधित 5206366 रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई। दूसरा मामला जून 2026 में सदर थाना ऊना का है। इसमें दो आरोपियों से करीब 25.30 किलोग्राम भुक्की बरामद हुई थी। जांच में बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर संतोषगढ़ निवासी बलविंद्र कुमार की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, उसके नाम पर करीब 2000 वर्ग मीटर कृषि भूमि, एक हल्का बाइक और बैंक खातों में जमा राशि सहित कुल 1921054 रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों मामलों में कुल 7127,420 रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई की गई है। संबंधित मामलों को आगे की प्रक्रिया के लिए सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक कुल 15702432 रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है।