संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं/चिंतपूर्णी (ऊना)। छिन्नमस्तिका धाम मंदिर चिंतपूर्णी में इस वर्ष 26 सितंबर से चार अक्तूबर तक असूज नवरात्र मेला मनाया जाएगा। मेले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) ऊना डॉ. अमित शर्मा ने मेले की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को अधिकारियों की बैठक की।
बैठक में एसडीएम अंब डॉ. मदन कुमार, डीएसपी वसुधा सूद, मंदिर अधिकारी बलवंत पटियाल सहित अन्य विभागीय अधिकारियों को मेले के दौरान यातायात, बिजली, पानी, दवाईयों और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए।
मेले के सफल आयोजन के लिए एसडीएम अंब को मेला अधिकारी, जबकि एसडीपीओ अंब को पुलिस मेला अधिकारी तैनात किया है। इसके अलावा उनकी सहायता के लिए चार कार्यकारी दंडाधिकारी तैनात रहेंगे।
वहीं, मेला क्षेत्र को चार सेक्टरों में बांटा गया है। मेला क्षेत्र में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और होमगार्ड के लगभग 300 महिला और पुरुषकर्मी तैनात किए जाएंगे। दर्शन पर्ची के लिए शंभू बैरियर और चिंतपूर्णी सदन में रजिस्ट्रेशन काउंटर स्थापित किए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर पंजीकरण काउंटरों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
खंड चिकित्सा अधिकारी अंब, मेला चिकित्सा अधिकारी होंगे और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एक सफाई निरीक्षक की नियुक्ति की जाएगी। लंगर लगाने की अनुमति मंदिर अधिकारी चिंतपूर्णी देंगे। छोटे वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था बाबा माई दास भवन तथा एमआरसी पार्किंग में की जाएगी। भारी वाहनों की पार्किंग के लिए भरवाईं में व्यवस्था की जा रही है।
बच्चों से भीख मंगवाने पर पोक्सो एक्ट में होगी कार्रवाई
असूज नवरात्र मेले के दौरान स्पेशल टास्क फोर्स गठित की जाएगी, जो भिक्षावृति पर कड़ी नजर रखेगी। इस दौरान यदि कहीं कोई बच्चों से भीख मंगवाते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।