टाहलीवाल (ऊना)। राष्ट्रीय एकीकृत कलाकार एवं कार्यकर्ता मंच (एनआईएफएए) हिमाचल प्रदेश द्वारा राजभवन शिमला में आयोजित संवेदना- 2 अवार्ड समारोह में ऊना जिले के युवा समाजसेवी आशीष संदल एवं सन्नी को राज्यपाल कविंद्र गुप्ता द्वारा सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान समाजसेवा, रक्तदान जागरूकता एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया। इस अवसर पर दोनों को नेशनल सोशल इंपैक्ट अवार्ड तथा वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंट सर्टीफिकेट ऑफ एप्रिसिएशन प्रदान किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से समाजसेवियों, स्वयंसेवकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर आशीष संदल ने कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक निष्ठा, समर्पण एवं सेवा भावना के साथ निभाने की प्रेरणा देता है। वहीं, सन्नी ने कहा कि वे भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वैच्छिक रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन तथा जनजागरूकता जैसे क्षेत्रों में अपनी सेवाएं निरंतर जारी रखेंगे। दोनों ने इस सम्मान का श्रेय युवा एनजीओ की पूरी टीम, सभी स्वयंसेवकों तथा सहयोगियों को दिया है।