पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। एक माह की ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के बाद स्कूल खुलते ही राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पिरथीपुर में एनएसएस इकाई की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वयंसेवियों ने विद्यालय परिसर की सफाई कर क्यारियां संवारीं और विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए। स्वयंसेवियों ने श्रमदान करते हुए न केवल परिसर को स्वच्छ बनाया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारियों सुलोचना राणा और अमित कुमार शर्मा ने बताया कि यह अभियान छात्रों में सेवा, अनुशासन और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से चलाया गया है। प्रधानाचार्य निशा संदल ने स्वयंसेवियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि एनएसएस के माध्यम से छात्र न केवल सामाजिक सेवा सीखते हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन और नेतृत्व के गुण भी विकसित करते हैं। उन्होंने सभी छात्रों से अपील की है कि वे नियमित रूप से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं।