संतोषगढ़ के साथ सटे गांव मलूकपुर में सैनिक परमजीत को सैन्य अधिकारी व अन्य सलामी देते हुए।स्रोत
लद्दाख क्षेत्र में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे थे परमजीत सिंह
सेना की टुकड़ी ने राजकीय सम्मान के साथ किया अंतिम संस्कार
दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
संवाद न्यूज एजेंसी
संतोषगढ़ (ऊना)। नगर परिषद संतोषगढ़ के साथ सटे गांव मलूकपुर में छुट्टी पर घर आए सेना के जवान की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। ऊना थाना क्षेत्र के मलूकपुर गांव निवासी परमजीत सिंह (32) पुत्र बलबीर सिंह वर्तमान में भारतीय सेना में लेह-लद्दाख क्षेत्र में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे थे। बताया जा रहा है कि शनिवार को परमजीत सिंह के सीने में तेज दर्द हुआ। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। परमजीत का अंतिम संस्कार रविवार को राष्ट्रीय सम्मान के साथ किया गया। परमजीत वर्तमान में भारतीय सेना की सिख रेजिमेंट की 63 कवलरी आर्म्ड में जम्मू कश्मीर राज्य के लेह लद्दाख क्षेत्र में तैनात थे। वह पांच-छह दिन पूर्व ही सोमवार को अपने घर सेना की ड्यूटी से छुट्टी पर पहुंचे। सांस लेने में तकलीफ के चलते शनिवार को परमजीत को एकाएक सीने में तेज दर्द उठा और उनकी मौत हो गई है। परमजीत अपने पीछे पत्नी मनदीप कौर के साथ-साथ तीन साल की बेटी सुखमन प्रीत कौर और एक साल की बेटी को छोड़ गए हैं। सैनिक परमजीत की रेजिमेंट की ओर से कैप्टन राजकुमार व सेना की टुकड़ी ने राजकीय सम्मान के साथ सैनिक परमजीत का अंतिम संस्कार करवाया। ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती एवं जिला प्रशासन की ओर से डीएसपी उमेश्वर राणा, एएसआई राकेश कुमार, हरदेश कुमार सहित पुलिस व आर्मी के जवान भी इस मौके पर सैनिक को श्रद्धांजलि देने के लिए उपस्थित रहे।