संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। उपमंडल अंब के टकारला में गारनी खड्ड पुल के पास स्थित एक सब्जी की दुकान में शुक्रवार रात चोरी की वारदात हुई। दुकान मालिक राहुल सिंह के अनुसार वे रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह लगभग 4 बजे जब वह सब्जी मंडी जाने के लिए दुकान पहुंचे तो ताला टूटा मिला। अंदर सारा सामान बिखरा था और पिछली साइड की खिड़की भी टूटी हुई थी। गल्ले में रखे नकदी के सिक्के व नोट, सेब की पेटियां और एक चार्जर चोरी हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। स्थानीय निवासी मोहित सिंह, अश्वनी कुमार, ललित और अंकुश ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। अंब थाना प्रभारी अनिल उपाध्याय ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।