ऊना। नगर परिषद की तरफ से शहर में ट्रक यूनियन के समीप बनाई गए वेंडर मार्केट में अब स्थानीय लोगों को भी दुकानें आवंटित करने की योजना तैयार की जा रही है। इस योजना को लेकर नगर परिषद ने उच्च अधिकारियों को इस संबंध में मंजूरी प्रदान करने को लेकर प्रस्ताव भेजा है।
इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद रेहड़ी-फड़ी धारकों के अलावा अन्य स्थानीय लोग किराए पर वेंडर मार्केट में दुकान ले पाएगा। नगर परिषद की वेंडर मार्केट में शहर में पंजीकृत रेहड़ी फड़ी धारक शिफ्ट होने से पीछे हट रहे हैं। इन संचालकों को कई बार नगर परिषद की तरफ से नोटिस देकर वेंडर जोन में जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद भी वर्तमान में एक भी रेहड़ी-फड़ी संचालक वेंडर जोन में नहीं गया है।
बता दें कि नगर परिषद के पास ऊना शहर में 180 पंजीकृत रेहड़ी-फड़ी संचालक हैं। इनमें से पहले चरण में 80 रेहड़ी-फड़ी संचालकों को वेंडर जोन में शिफ्ट करने की योजना थी। इसके बाद नगर परिषद ने शेष बचे रेहड़ी संचालकों के लिए योजना तैयार करनी थी, लेकिन अब वेंडर जोन में एक भी रेहड़ी संचालक के न जाने की सूरत में नप ने स्थानीय स्तर पर अन्य लोगों को वेंडर जोन में दुकानें देने की योजना बनाई है। इसे लेकर उच्च अधिकारियों से प्रस्ताव भेजकर मंजूरी मांगी गई है। इसके बाद ही आगामी कार्यवाही की जाएगी। वेंडर जोन में मौजूदा समय में 75 दुकानों का निर्माण किया है। इसके अलावा सात नई दुकानों का निर्माण कार्य चल रहा है।
कोट्स
वेंडर जोन में स्थानीय लोगों को भी दुकान किराए पर देने के लिए योजना तैयार की गई है। इस पर अंतिम फैसला उच्च अधिकारियों ने करना है, जो भी निर्णय आएगा, उसी हिसाब से आगामी प्रक्रिया चलेगी।
पुष्पा देवी, अध्यक्ष, नगर परिषद, ऊना
सचित्र