संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। लोकसभा में वक्फ बिल पर चर्चा के दौरान सांसद अनुराग ठाकुर की ओर से कांग्रेस नेताओं पर दिए गए बयान को ऊना सदर के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने निंदनीय करार दिया है। ऊना में जारी बयान में रायजादा ने कहा कि वक्फ बिल पर लोकसभा में चर्चा के दौरान सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं पर वक्फ की जमीन हड़पने के आरोप लगाए हैं, जो निराधार हैं। रायजादा ने कहा कि भाजपा का पुराना रिवाज किसी पर भी इल्जाम लगाकर बदनाम करना है, इसमें अनुराग ठाकुर भी पूरी तरह से निपुण हो गए हैं। प्रदेश की जनता ने अनुराग ठाकुर को लोकसभा में हिमाचल के हितों की पैरवी के लिए भेजा था, लेकिन अनुराग ठाकुर अपना ज्यादातर समय कांग्रेस को कोसने में व्यर्थ कर रहे हैं। अनुराग ठाकुर को दूसरों पर इल्जाम लगाने से पहले अपने गिरेवां में झांकना चाहिए। रायजादा ने कहा कि अनुराग ठाकुर ये न भूलें कि उनपर और उनके पिता पर धर्मशाला में करोड़ो के जमीन घोटाले के आरोप लगे हैं। जमीन स्टेडियम के लिए लीज पर ली थी और उसकी जगह रेस्टोरेंट बनाया गया था।