चिकित्सक पर लापरवाही करने के लगाए आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
नगंल (ऊना)। नंगल सिविल अस्पताल में शुक्रवार रात को प्रसव के बाद महिला के मौत होने पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। डेढ़ वर्ष पहले महिला की शादी हुई थी। महिला रेखा के पति जसवीर सिंह निवासी गांव भंगला ने कहा कि उनकी पत्नी जब से गर्भवती हुई उसका उपचार और देखभाल सिविल अस्पताल में चल रही थी। दो दिन पहले उसे प्रसव के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस दौरान बड़े ऑपरेशन से उसकी पत्नी को बेटा हुआ। लेकिन, बेटा होने के उपरांत रेखा को यूरीन से संबंधित दिक्कत होने लगी। इस पर जब अस्पताल की महिला चिकित्सक से बात की गई तो उसे पीजीआई चंडीगढ़ में चेक करवाने की बात कही। पीजीआई जाने के बाद रेखा की मौत हो गई। अब परिवार रेखा की मौत के लिए सिविल अस्पताल की महिला चिकित्सक को कथित तौर पर जिम्मेदार बता रहा है। शुक्रवार रात को परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा करते हुए नारेबाजी की।अस्पताल में माहौल गर्माता देख थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रोहित शर्मा भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन करने वाले लोगों को समझा-बुझाकर शांत करवाया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर डाॅक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। सिविल अस्पताल की एसएमओ डॉ. सुरेंद्र कौर से बात की गई तो उन्होंने कहा कि हर चिकित्सक अपने मरीज को उचित उपचार देता है। इस मरीज को भी ठीक से उपचार दिया गया था और समय रहते ही उसे रेफर किया गया था। उन्होंने कहा कि अब तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही साफ होगा कि मौत का कारण क्या रहा। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रोहित शर्मा ने कहा कि मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने कस्बाद उपरांत ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।