संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। धुसाड़ा में सड़क किनारे खड़ी कार से अन्य कार टकराने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात धुसाड़ा में एक इनोवा कार ने सड़क किनारे खड़ी ऑल्टो कार को टक्कर मार दी। हादसे में ऑल्टो कार में सो रहे दो दोस्त घायल हो गए। उन्हें तुरंत एंबुलेंस से स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। शिमला निवासी संजीव कुमार ने बताया कि वह और उनका दोस्त सन्नी चंबा से अपनी ऑल्टो कार में शिमला लौट रहे थे। थकान के कारण वे दोनों धुसाड़ा में एक गेट के पास अपनी गाड़ी साइड में लगाकर सो गए। रात लगभग 01:30 से 02:00 बजे के बीच उनकी खड़ी कार को पीछे से एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑल्टो कार गेट तोड़कर घर के अंदर तक जा पहुंची। संजीव कुमार के सिर में चोट लगी है, जबकि उनके दोस्त सन्नी के मुंह पर चोट आई है। पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।