गगरेट (ऊना)। उपमंडल गगरेट की ग्राम पंचायत दियोली के अंतर्गत दियोली-मन्हासा मार्ग पर स्थित कॉजवे एक बार फिर हादसे का कारण बन गया। मंगलवार को एक थार वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से उछलकर नीचे खेतों में जा गिरा। राहत की बात यह रही कि वाहन चालक को केवल मामूली चोटें आईं और उस समय कोई राहगीर वाहन की चपेट में नहीं आया।
स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त कॉजवे की स्थिति दिन-प्रतिदिन अधिक खतरनाक होती जा रही है। इससे पहले भी इसी स्थान पर एक कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा था। वह कार सड़क किनारे खड़े दो वाहनों से टकराने के बाद एक मकान में जा घुसी थी जिससे वाहनों और मकान को नुकसान पहुंचा था।
ग्रामीणों का कहना है कि कॉजवे पर सुरक्षा संबंधी पर्याप्त प्रबंध नहीं हैं और न ही यहां चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। ऐसे में दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।
गांव के उपप्रधान अमन ठाकुर, वार्ड सदस्य सन्नी ठाकुर तथा दुर्गा मंडल के सदस्यों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि कॉजवे की खामियों को तुरंत दूर किया जाए और वहां आवश्यक चेतावनी संकेतक लगाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण विभाग के खिलाफ रोष प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। इसलिए विभाग को जनहित में इस समस्या का तत्काल समाधान करना चाहिए।