भाषण प्रतियोगिता में 5000 प्रतिभागियों में रहे तृतीय
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। राष्ट्रीय युवा दिवस पर 9 से 12 जनवरी को भारत मंडपम नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय युवा उत्सव में राजकीय महाविद्यालय ऊना के छात्र अनमोल शर्मा ने हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए भाषण में तीसरा स्थान हासिल किया। अनमोल ने कहा कि राष्ट्रीय मंच पर हिमाचल का नाम सुनना उनके जीवन का सबसे गौरवशाली क्षण था और इसके लिए वे अपनी मां, गुरु और दोस्तों के आभारी हैं। केंद्र सरकार में युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया और केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खड़से द्वारा अनमोल को सम्मानित किया गया। इससे पहले उन्होंने राज्य स्तरीय युवा उत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। महाविद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. मीता शर्मा ने अनमोल की उपलब्धि को कॉलेज के लिए गर्व का पल बताया और कहा कि उनकी मेहनत और लगन सभी छात्रों के लिए प्रेरणा है।