इच्छुक पशुपालक किसान पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी।
नारी (ऊना)। पशुपालन विभाग बकरी पालन के जरिये छोटे किसानों और युवाओं के लिए स्वरोजगार का अवसर प्रदान कर रहा है। इस योजना में इच्छुक पशुपालक किसान पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत छोटे स्तर पर शुरुआत करने वाले व्यक्ति के लिए कम से कम 20 लाख की स्कीम है, जिसमें 100 बकरियां और 10 बकरे शामिल हैं। पशुपालक इन्हें अपनी पसंद की अच्छी किस्म से कहीं से भी खरीद सकते हैं। बैंक से संपर्क करके प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। शुरुआत में 10 बकरियां और 5 बकरे लेने का प्रावधान है। इनसे प्राप्त दूध और उत्पाद कहीं भी बेचे जा सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बकरी का दूध 100–150 रुपए प्रति किलोग्राम बिक रहा है, जिससे अच्छी आय संभव है। डॉ. परमेश डोगरा के अनुसार योजना में शामिल होने के लिए पहले विभाग के अनुसार शेड का निर्माण अनिवार्य है। शेड तैयार होने पर बैंक से राशि जारी होगी और विभाग समय-समय पर निगरानी करेगा। पशुपालक दूध बेचने के लिए स्वयं मार्केटिंग करेंगे या हिमाचल प्रदेश मिल्क फेड के जरिए सप्लाई कर सकते हैं। इच्छुक व्यक्ति अपने नजदीकी पशुपालन विभाग में संपर्क कर योजना से जुड़ सकते हैं।