दौलतपुर चौक(ऊना)। पंचायत चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण के मतदान में शनिवार सुबह आसमान से बारिश की बूंदें लगातार गिर रही थीं। इसी बीच भद्रकाली पंचायत से एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने लोकतंत्र के प्रति युवाओं के बढ़ते विश्वास को बयां कर दिया। भद्रकाली पंचायत के युवा अंकु और कर्ण के लिए यह दिन किसी त्योहार से कम नहीं था। दोनों बारिश में भीग कर पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करने मतदान केंद्र पहुंचे। मतदान करने के बाद दोनों नवमतदाताओं ने कहा कि वे लंबे समय से इस दिन का इंतजार कर रहे थे। जब पहचान पत्र पर स्याही का निशान लगा तो उन्होंने महसूस किया कि अब वे केवल दर्शक नहीं, बल्कि अपने गांव के भविष्य को तय करने वाली प्रक्रिया के सहभागी बन गए हैं। उनका कहना था कि पंचायत ही गांव के विकास की पहली सीढ़ी होती है और सही प्रतिनिधि चुनना हर मतदाता की जिम्मेदारी है।