कहा- जल्द सुलझे मामले की गुत्थी, महीना पहले जिले से दो रात में चोरी हुए थे तीन ट्रक
पुलिस ने दो मामलों की गुत्थी सुलझाई, लेकिन एक की पड़ताल जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में पिछले दिनों 24 घंटे के भीतर चोरी हुए तीन ट्रकों के मामलों को लेकर जिलाभर के ट्रांसपोर्टरों में रोष है। सभी ट्रांसपोर्टर शुक्रवार को एसपी राकेश सिंह के ऑफिस पहुंचे। उन्होंने कहा कि एक ही दिन में तीन ट्रकों की चोरी होना बेहद चिंताजनक बात है। अगर ऐसी वारदाताें पर रोक नहीं लगाई गई तो उनके लिए परिवार का पालन-पोषण मुश्किल हो जाएगा।
हालांकि चोरी के इन तीन मामलों में पुलिस ने दो ट्रकों को ढूंढ निकाला है। एक ट्रक का अभी कोई पता नहीं चल पाया है। ऐसे में इन ट्रांसपोर्टर्स ने चोरी हुए तीसरे ट्रक को भी खोजने की गुहार लगाई है। उन्होंने एक मांगपत्र भी पुलिस को सौंपा है। ट्रांसपोर्टरों में ट्रक आॅपरेटर यूनियन के जिला अध्यक्ष सतीश कुमार गोगी और ईसपुर ट्रक यूनियन के अध्यक्ष पंकज दत्ता का कहना है कि ऐसी घटनाएं उनके लिए व्यापारिक हत्या है। दूसरी तरफ एसपी ऊना राकेश सिंह का कहना है कि पुलिस ने तीन में से दो ट्रकों को बरामद कर लिया है, जबकि तीसरे ट्रक को भी जल्दी ढूंढ निकाला जाएगा। इसके अलावा उन्होंने ऑपरेटर्स से चोरों को पकड़ने के लिए ट्रकों में लगे जीपीएस के साथ अतिरिक्त उपकरणों को भी रखने की अपील की, ताकि जीपीएस को उखाड़ फेंकने के बावजूद पुलिस अपराधियों तक पहुंच सके।
बता दें कि जिले के ईसपुर, बड़ोह और घनारी से करीब एक माह पहले दो रात के भीतर तीन ट्रकों के चोरी होने का मामला प्रकाश में आया था। पुलिस अधीक्षक ऊना राकेश सिंह ने कहा कि पुलिस ने दो मामलों की गुत्थी सुलझा ली है और एक की तलाश जारी है।