ऊना के एमसी पार्क में हडताल पर बैठे पर 108 व 102 कर्मी। संवाद
हड़ताल को अनिश्चितकालीन करने के दी चेतावनी
कंपनी की कार्यप्रणाली पर खड़े किए सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। सीटू के बैनर तले शनिवार को दूसरे दिन भी 108 और 102 एंबुलेंस कर्मचारियों ने एमसी पार्क में रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने एंबुलेंस कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने कहा कि उनकी हड़ताल का दूसरा दिन शुरू हो चुका है, लेकिन अब तक न तो सरकार ने एंबुलेंस कर्मचारियों से कोई बैठक की है और न ही कंपनी प्रबंधन ने उनकी मांगों को लेकर कोई बयान जारी किया है। इससे कर्मचारियों में लगातार रोष बढ़ता जा रहा है।
कर्मचारियों ने कहा कि कोरोना काल जैसे कठिन समय में भी एंबुलेंस कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर दिन-रात मरीजों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाया, लेकिन उनकी मांगों को पूरा करने के बजाय उन्हें अनसुना किया जा रहा है। कंपनी की ओर से न तो ईएल और न ही सीएल का कोई प्रावधान है। कई बार कर्मचारियों ने इस संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन आज तक उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। कर्मचारियों ने मजबूरी में हड़ताल करने की बात कहते हुए बताया कि हड़ताल समाप्त करने की समय-सीमा शनिवार रात आठ बजे तक की रखी गई है। यदि तब तक मांगें नहीं मानी जातीं तो हड़ताल को आगे भी जारी रखा जाएगा। इस पर अंतिम फैसला राज्य कार्यकारिणी की ओर से लिया जाएगा। 108 व 102 एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन के प्रधान रजनीश कुमार ने बताया कि कई वर्षों से कर्मचारियों के वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने मांग की कि वेतन में हर वर्ष 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाए, कंपनी में सभी श्रम कानूनों को लागू किया जाए तथा ईपीएफ और ईएसआई में की गई दस्तावेज संबंधी त्रुटियों को शीघ्र ठीक किया जाए।