ऊना। जिले के सबसे बड़े अस्पताल में मरीजों को बेहतरीन सुविधा देने के लिए अस्पताल प्रबंधन लगातार प्रयास कर रहा है। प्रबंधन की तरफ से अब जरूरतमंद व गरीब मरीजों को उपचार के बाद घर छोडऩे के लिए एंबुलेंस सुविधा भी उपलब्ध होगी।
इसे लेकर अस्पताल प्रबंधन ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस सुविधा को लेने के लिए मरीज को बीपीएल कार्ड प्रस्तुत करना होगा। वहीं, अगर मरीज के पास बीपीएल कार्ड नहीं है तो चिकित्सकों की सिफारिश के अनुसार उसे इस सुविधा का लाभ मिलेगा। ऐसे में इस प्रकार जरूरतमंद मरीजों को घर तक जाने में दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस सुविधा के लिए होने वाले खर्च को रोगी कल्याण समिति वहन करेगी। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचार के लिए रोजाना जिले के विभिन्न क्षेत्रों से मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इनमें कई मरीज ऐसे भी होते हैं, जो आर्थिक रूप से काफी कमजोर होते हैं। ऐसे में मरीज को उपचार या ऑॅपरेशन के बाद घर तक जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे लोगों को राहत प्रदान करते हुए अब अस्पताल प्रबंधन जरूरतमंद मरीज को एंबुलेंस के माध्यम से उसके घर तक पहुंचाने का निर्णय लिया है।
चिकित्सक की सिफारिश पर ही इस सुविधा का जरूरतमंद मरीजों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा अन्य मरीजों के लिए यह सुविधा नहीं रहेगी। बता दें कि इससे पूर्व क्षेत्रीय अस्पताल प्रबंधन ने सड़क हादसों में घायल होने वाले लोगों केे लिए सीटी स्कैन की सुविधा भी निशुल्क की है। इन सभी सुविधाओं के चलते मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है। इन सभी सुविधाओं को अस्पताल प्रबंधन ने लागू कर दिया है। इन सुविधाओं के लिए होने वाले खर्च को रोगी कल्याण समिति के बजट से खर्च किया जाएगा।
कोट्स
अस्पताल प्रबंधन का प्रमुख उद्देश्य अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना है। इस कड़ी में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जरूरतमंद मरीजों को अस्पताल से छुट्टी के बाद घर तक छोडऩे के लिए भी एंबुलेंस की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा केवल जरूरतमंद गरीब मरीजों के लिए ही रहेगी।
डाॅ. संजय मनकोटिया, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल, ऊना